छत्तीसगढ़ में सक्ती जिले के डभरा स्थित आरकेएम पावर प्लांट में मंगलवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। मेंटेनेंस के दौरान मजदूरों को ले जा रही एक लिफ्ट करीब 40 मीटर की ऊंचाई से अचानक नीचे गिर गई। इस घटना में 3 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 7 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
10 मजदूर लिफ्ट में सवार होकर पांचवी मंजिल तक जा रहे थे। जिसकी ऊंचाई करीब 75 मीटर है, लेकिन 40 मीटर तक पहुंचने के बाद उसका बैलेंस बिगड़ गया और वह नीचे गिर गई। इस घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
मामला डभरा थाना क्षेत्र का है। हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि तीसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सभी घायल मजदूरों को निजी फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


