बिलासपुर। मस्तूरी थाना क्षेत्र की चौकी मल्हार अंतर्गत मनाडेरा रोड पर स्थित लीलगार नदी में मोटरसाइकिल सहित गिरे दो युवकों की जान बचाकर तीन युवाओं ने साहस और मानवता की मिसाल पेश की। घटना 20 अगस्त 2026 की है।
जानकारी के अनुसार, नदी पार करते समय चकरबेड़ा निवासी गुड़ा टंडन और दुर्गेश टंडन मोटरसाइकिल सहित तेज बहाव में नदी में गिर गए। दोनों को डूबता देखकर मोहन लाल केवट, महेश केवट और आदित्य केवट (करण) ने बिना समय गंवाए उन्हें बचाने के लिए नदी में उतरकर प्रयास शुरू किया।
तेज बहाव के बीच युवाओं ने सूझबूझ दिखाते हुए लकड़ी की मदद से दोनों युवकों को नदी से सुरक्षित बाहर निकाला। समय रहते किए गए इस साहसिक प्रयास से दोनों की जान बच गई।
मोहन लाल केवट एवं उनके साथियों के इस साहस और मानवता की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। उनके सराहनीय कार्य को देखते हुए एसएसपी बिलासपुर श्री रजनेश सिंह ने तीनों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
पुलिस विभाग ने बताया कि ऐसे साहसी युवाओं को SDRF के माध्यम से प्रशिक्षण देकर ‘जल मितान’ के रूप में नियुक्त किया जाएगा और आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि भविष्य में जल दुर्घटनाओं के दौरान समय रहते लोगों की जान बचाई जा सके।
SN इंडिया News | पहुंच दूर तक, खबरें आप तक




























