बिलासपुर के तारबाहर थाना क्षेत्र में कांग्रेस नेता श्याम कश्यप पर जानलेवा हमला कराने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने हत्या की सुपारी देने वाले गिरोह को आर्थिक मदद उपलब्ध कराई थी।
मामला 4 जुलाई 2026 का है। श्याम कश्यप सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। रेल्वे अस्पताल के पास तीन नकाबपोश युवकों ने उन्हें घेरकर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए डंडे व नुकीली वस्तु से हमला कर दिया था। घटना के बाद तारबाहर पुलिस और एसीसीयू टीम ने जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल की पहचान की। जांच के दौरान पूर्व में नितिन टेकाम, एक विधि से संघर्षरत बालक और साहिल सोनकर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में आरोपी नवीन पटेल (38 वर्ष), निवासी तेलीपारा, बिलासपुर को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने कथित तौर पर श्याम कश्यप की हत्या कराने के लिए दीपक तिवारी को पैसे उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की।
आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में पुलिस द्वारा अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना तारबाहर पुलिस एवं एसीसीयू टीम द्वारा की गई।



























