अकलतरा थाना क्षेत्र में अवैध कच्ची महुआ शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसडीओपी अकलतरा डॉ. मैखलेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व और थाना प्रभारी निरीक्षक जय कुमार साहू की अगुवाई में पुलिस टीम ने सबरिया डेरा में दबिश देकर 52 बोरी महुआ लहान समेत बड़ी मात्रा में शराब बनाने की सामग्री बरामद कर मौके पर ही नष्ट कराई।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान 18 बड़े बर्तन, चूल्हा, 10 जरकिन और करीब 80 पैकिंगशुदा सफेद झिल्ली/पाउच भी मिले। नष्ट की गई सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस को सबरिया डेरा और धनवार डेरा क्षेत्र में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब तैयार कर ऊंचे दामों पर बेचने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
वहीं, ग्राम पीपरसत्ती में भी पुलिस ने छापेमारी कर दिलीप कुमार उर्फ पप्पू कुमार नायक (52 वर्ष) की दुकान और निवास से 26 नग प्लेन देशी शराब बरामद की। मामले में थाना अकलतरा में धारा 34(1) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।


