कोरबा। पुरुषोत्तम साहू की रिपोर्ट। कोरबा जिले के अजगरबाहर क्षेत्र अंतर्गत अजगरबाहर से सतरंग पहुंच मार्ग पर बीच सड़क में बने बड़े गड्ढे ने लोगों की जान पर आफत खड़ी कर दी है। सड़क धंसने से बने इस सुरंगनुमा गड्ढे के कारण यहां से गुजरने वाले राहगीरों को हर पल दुर्घटना का डर सताता रहता है।

स्थानीय लोगों की सजगता से यहां हादसे टल रहे हैं। किसी जागरूक व्यक्ति ने गड्ढे के भीतर झाड़ियां डालकर राहगीरों को सावधानी बरतने का संकेत दिया है। इसके बावजूद, कई वाहन चालकों को इस खतरनाक गड्ढे से बचते-बचाते अपनी जान जोखिम में डालकर गुजरना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, नीचे से गुजर रही पाइपलाइन टूट जाने के चलते यह गड्ढा और गहरा होता जा रहा है। समय रहते यदि मरम्मत नहीं की गई, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने वन विभाग, पीडब्ल्यूडी सहित संबंधित विभागों से अपील की है कि तत्काल मौके पर पहुंचकर सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि आमजन निश्चिंत होकर सुरक्षित आवाजाही कर सकें।



