कोरबा। SECL सुराकछार खदान के 3-4 इंकलाइन क्षेत्र में 13 और 14 सितंबर की दरम्यानी रात करीब 2 से 2:30 बजे चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई। बताया जा रहा है कि 10 से 15 अज्ञात लोग बाउंड्रीवाल फांदकर खदान परिसर में जबरन दाखिल हुए।
आरोप है कि मौके पर मौजूद सुरक्षा गार्ड को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई और उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद बदमाश खदान की चालू लाइन से करीब 30 से 40 मीटर कॉपर केबल काटकर ले गए।
चोरी हुए कॉपर केबल की अनुमानित कीमत करीब 50 से 55 हजार रुपये बताई जा रही है।
मामले की शिकायत के बाद बांकी मोंगरा पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस की कार्रवाई में 10 आरोपियों को पकड़ा गया, जिनमें 7 नाबालिग बताए जा रहे हैं। नाबालिगों को न्यायालय में पेश करने के बाद सुधार गृह भेजा गया, जबकि बालिग आरोपियों को न्यायालय के आदेश के बाद जेल दाखिल कराया गया।
खदान की सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठे सवाल
आधी रात बाउंड्रीवाल फांदकर इतनी संख्या में लोगों का खदान परिसर में दाखिल होना और सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट के बाद केबल चोरी कर ले जाना SECL की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। अब सवाल यह है कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में लोग खदान परिसर तक कैसे पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था को इसकी भनक क्यों नहीं लगी?
SN इंडिया न्यूज | कोरबा



