कोरबा/बांकीमोंगरा, 21 सितंबर 2026।
बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के सिंघाली जंगल में कथित रूप से चल रहे जुए के फड़ पर पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बांकीमोंगरा, दीपका और कटघोरा पुलिस की संयुक्त टीम ने दबिश देकर मौके से नकदी, मोबाइल और दोपहिया वाहनों समेत कुल 11 लाख 56 हजार 500 रुपये की सामग्री जब्त की।
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई में 74,500 रुपये नकद, 14 एंड्रॉयड और एक की-पैड समेत कुल 15 मोबाइल फोन तथा बुलेट और स्कूटी सहित 15 दोपहिया वाहन जब्त किए गए। जब्त मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 2.82 लाख रुपये, जबकि वाहनों की कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है।
🚔 जंगल में चल रहा था खेल, संयुक्त टीम ने पहुंचकर किया पर्दाफाश
पुलिस कार्रवाई के दौरान शिवमोहन सिंग (50), अमित कुमार श्रीवास्तव (48), सफिक खान (25), संजू कुमार साहू (27), ईश्वरी साहू (37), विजय कुमार (52), हेमंत बहादुर कार्की (50), सुमीत यादव (28), अभिमन्यु सिंग (35), सुरेंद्र चौहान (39) और राजू नाहक (33) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने सभी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। बड़ी संख्या में मोबाइल और वाहनों की जब्ती के बाद इलाके में पुलिस कार्रवाई की चर्चा तेज हो गई है।
🔥 अब सवाल—क्या जिले के दूसरे जुआ फड़ों पर भी गिरेगी गाज?
सिंघाली जंगल में हुई इस बड़ी कार्रवाई ने जिले में जुए के कथित फड़ों को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में समय-समय पर जुआ खेलने और खिलाने की चर्चाएं सामने आती रही हैं।
सिंघाली में कार्रवाई के बाद अब निगाहें जिले के दूसरे संभावित ठिकानों पर हैं।
क्या पुलिस की संयुक्त टीम अब अन्य थाना क्षेत्रों में भी ऐसे ठिकानों की तलाश करेगी? क्या जुए के खिलाफ कार्रवाई का दायरा और बढ़ेगा? आने वाले दिनों में पुलिस की अगली कार्रवाई से इन सवालों का जवाब सामने आ सकता है।
SN इंडिया न्यूज की नजर बनी रहेगी।




