कोरबा। जिले में चोरी और अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना कोतवाली पुलिस ने निर्माणाधीन मकान से इलेक्ट्रॉनिक और प्लंबिंग सामान चोरी के मामले का खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 3 लाख रुपये कीमत का चोरी का सामान भी बरामद किया है।
मामला अग्रोहा मार्ग स्थित निर्माणाधीन मकान का है, जहां प्रार्थी गुलशन वासन के मकान से 2 से 6 अक्टूबर के बीच इलेक्ट्रॉनिक एवं प्लंबिंग सामान चोरी कर लिया गया था। शिकायत के बाद थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 823/26 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। जांच के दौरान चोरी के सामान की बरामदगी करते हुए पुलिस ने मामले में छह लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
चोरी का माल खरीदने वालों पर भी कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक चोरी किए गए सामान में नामी कंपनियों के महंगे इलेक्ट्रॉनिक एवं प्लंबिंग उत्पाद शामिल थे। आरोप है कि चोरी के सामान को कम कीमत में बेचा गया और कुछ लोगों ने उसे सस्ते दाम पर खरीदकर मुनाफा कमाने की कोशिश की।
पुलिस कार्रवाई ने यह सवाल भी खड़ा किया है कि महंगे और ब्रांडेड सामान को बेहद कम कीमत पर खरीदने से पहले उसकी वैधता और स्रोत की जानकारी क्यों नहीं ली गई? अब चोरी के माल की खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
गिरफ्तार आरोपी
1. रहीम खान पिता कलीम खान, उम्र 21 वर्ष, पुरानी बस्ती कोरबा
2. रईस खान पिता कलीम खान, उम्र 21 वर्ष, पुरानी बस्ती कोरबा
3. साहिम खान पिता कलीम खान, उम्र 19 वर्ष, पुरानी बस्ती कोरबा
4. मुकेश अग्रवाल पिता गोपीराम अग्रवाल, उम्र 42 वर्ष, अग्रसेन चौक कोरबा
5. दीनदयाल अग्रवाल पिता स्व. रघुनाथ अग्रवाल, उम्र 59 वर्ष, अग्रसेन चौक कोरबा
6. नीरज अग्रवाल पिता गोपीराम अग्रवाल, उम्र 47 वर्ष, अग्रोहा मार्ग कोरबा
थाना कोतवाली पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस मामले में चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
कोरबा पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, चोरी के सामान की खरीद-बिक्री अथवा संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना या चौकी को सूचना दें अथवा डायल-112 पर संपर्क करें।

