सारंगढ़-बिलाईगढ़। सरिया थाना पुलिस ने अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 16 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडे और उप पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में की गई।
जानकारी के अनुसार, 17 सितंबर 2025 को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम रिसोरा निवासी अजित बंजारा (उम्र 35 वर्ष) उड़ीसा से भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब लेकर HF डीलक्स मोटरसाइकिल से रिसोरा की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस ने ग्राम रिसोरा मेन रोड नहर पुल के पास घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
आरोपी के कब्जे से सफेद प्लास्टिक बोरी में 15 लीटर और प्लास्टिक बोतल में 1 लीटर, कुल 16 लीटर कच्ची महुआ शराब (कीमत ₹3,200) और एक HF डीलक्स मोटरसाइकिल (कीमत ₹15,000) जप्त की गई। कुल जप्ती की कीमत लगभग ₹17,200 आंकी गई है।


