वैशाली नगर में डॉक्टर के सूने मकान से एक करोड़ की चोरी का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के 9 गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
दुर्ग। वैशाली नगर में डॉक्टर के सूने मकान में हुई लगभग एक करोड़ रुपये की सनसनीखेज चोरी का दुर्ग पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने भिलाई से गोंदिया, नागपुर, मिर्जापुर, प्रयागराज और भदोही तक पीछा कर अंतरराज्यीय गिरोह के 9 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ अब भी फरार है।

सूने मकान को बनाया था निशाना
प्रार्थिया डॉक्टर नमिता मित्तल निवासी सुंदर नगर, वैशाली नगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 17 अक्टूबर 2026 को वह परिवार सहित एक सप्ताह के लिए बाहर गई थीं। 23 अक्टूबर को लौटने पर अलमारी में रखी नगदी और सोने-चांदी व डायमंड के कीमती आभूषण गायब मिले। रिपोर्ट पर थाना वैशाली नगर में अपराध क्रमांक 389/2026 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर और सीएसपी भिलाई नगर के नेतृत्व में वैशाली नगर और एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित की गई।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्य से गिरोह तक पहुंची पुलिस
घटनास्थल के सीसीटीवी और आसपास की गतिविधियों से राहुल बंसोड़ पर शक गहराया, जो घटना के बाद से फरार था। पुलिस ने गोंदिया-नागपुर में दबिश दी। आरोपी लगातार ठिकाना बदलता रहा और गंगा नदी में नाव से एक किनारे से दूसरे किनारे जाता रहा।
तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम मिर्जापुर-भदोही पहुंची और आरोपी प्रदीप कुमार चौधरी को पकड़ा। पूछताछ में उसने चोरी कबूल की। उसके हिस्से की नकदी और आभूषण उसके घर के अंदर फर्श के नीचे गड्ढा खोदकर छिपाए गए थे, जिसे बरामद किया गया।
ज्वेलर ने भट्टी में गलाए आभूषण, चोरी की रकम से खरीदी XUV
प्रदीप ने बताया कि उसने अपने हिस्से के सोने के आभूषण भदोही के वैष्णवी ज्वेलर्स के संचालक सोनू जायसवाल को बेचे थे। ज्वेलर ने कुछ आभूषणों को भट्टी में गलाकर स्वरूप बदल दिया था। पुलिस ने ज्वेलर को भी गिरफ्तार किया।
जांच में पता चला कि चोरी की रकम से प्रदीप ने घर में बोरिंग, मकान मरम्मत और सुपर स्प्लेंडर बाइक खरीदी, जबकि मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ दिल्ली जाकर चोरी की रकम से सेकंड हैंड XUV कार DL-10-CN-1411 खरीदकर भिलाई लौटा था।
रात 3 बजे घेराबंदी कर दबोचे आरोपी
पुलिस को सूचना मिली कि राहुल ने चोरी का माल अपने माता-पिता और भाई आयुष बंसोड़ के पास छिपा रखा है। पुलिस की भनक लगते ही वह XUV को सुपेला चौक के पास छोड़कर फरार हो गया और भाई को इनोवा CG-11-I-9909 से माल लेकर राजनांदगांव-नागपुर रोड पर आने को कहा।
पुलिस ने संभावित रास्तों पर घेराबंदी की और तड़के रात करीब 3 बजे चोरी का माल लेकर भाग रहे आरोपियों को घेरकर पकड़ लिया।
47 लाख नगद समेत एक करोड़ की बरामदगी
पुलिस ने 47 लाख 64 हजार रुपये नगद, सोने-चांदी के आभूषण, XUV कार, सुपर स्प्लेंडर बाइक, इनोवा वाहन, 7 मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, लैपटॉप, टैबलेट, पेटीएम मशीन सहित लगभग एक करोड़ की संपत्ति जप्त की है।
गिरफ्तार आरोपी –
1. प्रदीप कुमार चौधरी (20) भदोही यूपी, हाल वृंदा नगर भिलाई
2. सुजीत सिंह उर्फ बाबू (32) मिर्जापुर यूपी
3. सोनू जायसवाल (37) ज्वेलर, भदोही यूपी
4. रविन्द्र बंसोड़ (49) वैशाली नगर भिलाई
5. किरण बंसोड़ (48) वैशाली नगर भिलाई
6. आयुष बंसोड़ (29) वैशाली नगर
7. रेखचंद्र देवांगन (26) वैशाली नगर
8. आकाश कुमार श्रीपाद (26) इनोवा मालिक
9. अमन सिंह (25) वृंदा नगर
मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ की तलाश जारी है। पुलिस ने अपील की है कि लंबे समय तक घर सूना छोड़ने से पहले थाने को सूचना दें और बड़ी नकदी-जेवर घर में न रखें।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.


