नौकरी के नाम पर ₹2 लाख लेने की शिकायत के बाद एसपी ने निरस्त की थी परिवार परामर्श केंद्र में नियुक्ति, अब पूजा राठौर ने कार्रवाई को बताया अवैधानिक; बोलीं– जांच के बिना पद से हटाया, न्याय नहीं मिला तो दे दूंगी जान
जांजगीर-चांपा SN इंडिया News। नौकरी के नाम पर दो लाख रुपये लेने की शिकायत और परिवार परामर्श केंद्र से नियुक्ति निरस्त किए जाने का मामला अब नया मोड़ ले चुका है। भाजपा प्रदेश महिला कार्यसमिति की सदस्य पूजा राठौर और जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के बीच टकराव खुलकर सामने आ गया है। एसपी की कार्रवाई से नाराज पूजा राठौर ने अब दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए ऐलान किया है कि यदि उन्हें दो दिनों के भीतर परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलर पद पर बहाल नहीं किया गया तो वे एसपी कार्यालय के सामने भूख हड़ताल पर बैठेंगी और अपना प्राण त्याग देंगी। उनके इस बयान से जिले के पुलिस और राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
पूजा राठौर ने पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय की कार्रवाई को गलत और अवैधानिक करार देते हुए आरोप लगाया है कि बिना किसी जांच और उनका पक्ष सुने ही उनकी नियुक्ति निरस्त कर दी गई। उनका कहना है कि किसी शिकायत के आधार पर सीधे नियुक्ति समाप्त करना न्यायसंगत नहीं है। वे इस मामले को लेकर आईजी सहित पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात करेंगी और अपने साथ हुए अन्याय के खिलाफ न्याय की गुहार लगाएंगी।
दो दिन में बहाली नहीं तो एसपी कार्यालय के सामने भूख हड़ताल
पूजा राठौर ने अपने तेवर सख्त करते हुए साफ कहा है कि यदि दो दिन के भीतर उन्हें काउंसलर पद पर वापस नहीं लिया गया तो वे पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने भूख हड़ताल पर बैठेंगी। उन्होंने यहां तक कहा है कि न्याय नहीं मिलने पर वे अपने प्राण त्याग देंगी। उनके इस बयान ने मामले को केवल नियुक्ति निरस्तीकरण तक सीमित न रखकर प्रशासनिक और राजनीतिक विवाद का रूप दे दिया है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, परिवारों के विवाद सुलझाने और टूटते रिश्तों को बचाने के उद्देश्य से संचालित परिवार परामर्श केंद्र में पूजा राठौर को 18 अगस्त 2026 को जारी आदेश के तहत निःशुल्क सेवा के लिए परामर्शदात्री सदस्य नियुक्त किया गया था। इसी बीच रायपुर के तेलीबांधा निवासी श्रवण गुप्ता ने उन पर नौकरी दिलाने के नाम पर दो लाख रुपये लेने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उनसे पहले डेढ़ लाख रुपये नकद लिए गए और बाद में 50 हजार रुपये की अतिरिक्त रकम भी ली गई। आरोप है कि नौकरी नहीं मिलने पर जब उन्होंने पैसे वापस मांगे तो उन्हें छेड़छाड़ और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों में फंसाने की धमकी दी गई।
13 नवंबर को एसपी ने निरस्त किया था नियुक्ति आदेश
शिकायत सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने 13 नवंबर 2026 को पूजा राठौर की परिवार परामर्श केंद्र में परामर्शदात्री सदस्य के रूप में नियुक्ति निरस्त करने का आदेश जारी किया था। इसी आदेश को लेकर अब पूजा राठौर ने पुलिस अधीक्षक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
अब निगाहें पुलिस प्रशासन के अगले कदम पर
एक तरफ नौकरी के नाम पर दो लाख रुपये लेने की शिकायत है, तो दूसरी तरफ बिना जांच नियुक्ति निरस्त किए जाने का आरोप लगाते हुए पूजा राठौर का आंदोलन का ऐलान। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या पुलिस प्रशासन उनकी बहाली की मांग पर कोई निर्णय लेगा या फिर पूजा राठौर अपने अल्टीमेटम पर कायम रहते हुए एसपी कार्यालय के सामने भूख हड़ताल शुरू करेंगी? फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम ने जांजगीर-चांपा में प्रशासनिक और राजनीतिक चर्चाओं को गर्म कर दिया है।


