जांजगीर-चांपा पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 98 हजार रुपये की साइबर ठगी करने वाले आरोपी को केरल से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शादी का निमंत्रण कार्ड भेजने के बहाने मोबाइल हैकिंग के जरिए पीड़ित के एसबीआई बैंक खाते से रकम निकाल ली थी। NCRP पोर्टल से मिले बैंक खाते के सुराग के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर जांजगीर लाया गया है।
दरअसल, पूरा मामला 6 जून 2026 का है, जब नैला स्टेशन रोड निवासी राजेश कुमार थवाईत के मोबाइल पर व्हाट्सएप के माध्यम से शादी का निमंत्रण कार्ड बताकर एक APK फाइल भेजी गई थी।
पीड़ित ने जैसे ही उस फाइल को डाउनलोड किया, उसका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद मोबाइल से लिंक एसबीआई बैंक खाते से अज्ञात व्यक्ति ने 98 हजार रुपये निकाल लिए।
मामले की शिकायत मिलने पर साइबर थाना जांजगीर में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान NCRP पोर्टल से मिले बैंक खाते के सुराग के आधार पर पुलिस केरल राज्य के मल्लपुरम जिले के कोण्डोट्टी पहुंची, जहां दबिश देकर 29 वर्षीय आरोपी अब्दुल अजीज को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने ठगी की 98 हजार रुपये की रकम अपने बैंक खाते में प्राप्त होने और उसे निकालकर घरेलू खर्च में उपयोग करना स्वीकार किया है। जांच में आरोपी के खाते में गुजरात से संबंधित 21 हजार रुपये की एक अन्य संदिग्ध रकम भी सामने आई है।
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन और बैंक खाते से संबंधित जानकारी जब्त कर खाते को सीज कराया है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर जांजगीर लाया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस मामले को लेकर जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि व्हाट्सएप पर शादी का कार्ड, मोटर चालान या सरकारी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर भेजी जाने वाली किसी भी अनजान APK फाइल को डाउनलोड न करें। यदि कोई साइबर ठगी का शिकार होता है, तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।


