सड़क की बदहाल स्थिति और पानी का छिड़काव नहीं होने से उड़ रही थी भारी धूल, पर्यावरण संरक्षण मंडल ने BALCO प्रबंधन को सुधार के निर्देश दिए।
बालको नगर के बजरंग चौक से सेपको गेट तक रिंग रोड पर गंभीर धूल प्रदूषण की शिकायत को छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने गंभीरता से लिया है।

सीएम हेल्पलाइन 1076 पर शिकायतकर्ता श्री पी. योगेश कुमार द्वारा 7 नवंबर 2026 को की गई शिकायत (टोकन नंबर WP261100270871) के बाद पर्यावरण संरक्षण मंडल की टीम ने 11 एवं 12 नवंबर 2026 को मौके का निरीक्षण किया।
पर्यावरण संरक्षण मंडल के निरीक्षण प्रतिवेदन में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि:
▪️ सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहनों के आवागमन से भारी मात्रा में धूल उड़ रही थी।
▪️ सड़क पर प्रभावी जल छिड़काव की व्यवस्था नहीं पाई गई।
▪️ उड़ती धूल आसपास के रहवासी क्षेत्रों में फैल रही थी।
निरीक्षण के बाद पर्यावरण संरक्षण मंडल ने 12 नवंबर 2026 को पत्र क्रमांक 2281 जारी कर BALCO प्रबंधन को सड़क पर नियमित एवं प्रभावी जल छिड़काव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यालय के कार्यवाही प्रतिवेदन के अनुसार, परिवहन के दौरान एसओपी का पालन नहीं करने वाले वाहनों के विरुद्ध उद्योगों पर कुल ₹90,405 की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की गई है।
मंडल ने चेतावनी भी दी है कि यदि भविष्य में निरीक्षण के दौरान ऐसी स्थिति दोबारा पाई जाती है, तो वायु (प्रदूषण निवारण तथा नियंत्रण) अधिनियम, 1981 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अब सवाल यह है कि आखिर कब तक बालको नगर के रहवासियों को धूल और प्रदूषण के बीच जीना पड़ेगा?
सड़क पर चलने वाले वाहन, उड़ती धूल और प्रदूषण का सीधा असर आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर पड़ता है।
सरकारी निरीक्षण में जब समस्याएं प्रमाणित हो चुकी हैं, तो अब केवल पत्राचार नहीं, बल्कि स्थायी समाधान जरूरी है।
जनहित में आवाज उठाइए, क्योंकि स्वच्छ हवा और सुरक्षित वातावरण हर नागरिक का अधिकार है।


