राजनांदगांव जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाए रखने तथा अवैध धान विक्रय पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी एवं जांच की जा रही है। इसी क्रम में राजनांदगांव विकासखण्ड के धान उपार्जन केन्द्र पदुमतरा में दूसरे व्यक्ति का धान विक्रय करने का मामला सामने आने पर प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए 36 क्विंटल धान जप्त किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बासुला निवासी कृषक श्री गंगादास महिलांगे द्वारा धान उपार्जन केन्द्र पदुमतरा में 36 क्विंटल धान विक्रय करने के लिए टोकन प्राप्त किया गया था। टोकन के आधार पर कृषक द्वारा 36 क्विंटल धान उपार्जन केन्द्र में लाया गया। इस दौरान धान की जांच एवं मौके पर भौतिक सत्यापन किए जाने पर पाया गया कि संबंधित कृषक के स्वयं के खेत में धान की फसल अभी भी खड़ी है तथा फसल की कटाई नहीं की गई है।
जांच के दौरान पूछताछ एवं सत्यापन में यह तथ्य सामने आया कि संबंधित कृषक द्वारा अपने खेत में उत्पादित धान के स्थान पर अन्य व्यक्ति का धान उपार्जन केन्द्र में विक्रय के लिए लाया गया था। उक्त अनियमितता पाए जाने पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की उपस्थिति में तत्काल कार्रवाई करते हुए उपार्जन केन्द्र में लाए गए 36 क्विंटल धान को जप्त किया गया। जप्त धान को सुरक्षित अभिरक्षा एवं आगामी आवश्यक कार्रवाई के लिए समिति प्रभारी, धान उपार्जन केन्द्र पदुमतरा के सुपुर्द किया गया।
जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी केन्द्रों में सतत निगरानी रखी जा रही है। धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.


