जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के अकलतरा क्षेत्र से ऑनलाइन ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर खुद को लड़की बताकर एक युवक से 25 लाख रुपए ठग लिए। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी को इस ठगी की प्रेरणा हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ड्रीमगर्ल 2 से मिली थी।
ऐसे रची ठगी की साजिश
जानकारी के अनुसार आरोपी ने फेसबुक पर एक आकर्षक लड़की की तस्वीर लगाकर फर्जी अकाउंट बनाया। इसके बाद उसने दोस्ती कर बातचीत शुरू की और खुद को “ऑनलाइन गर्लफ्रेंड” बताकर भरोसा जीत लिया। आरोपी ने कुछ समय तक मीठी-मीठी बातें कर पीड़ित को अपने जाल में फंसाया। इसके बाद उसने इलाज, मुसीबत से निकलने और अन्य बहानों से पैसों की मांग शुरू कर दी। धीरे-धीरे आरोपी ने 25 लाख रुपए ऐंठ लिए।
फिल्म से मिली ठगी की आइडिया
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी हाल ही में ड्रीमगर्ल 2 फिल्म देखकर आया था। फिल्म में जिस तरह एक किरदार लड़की की आवाज निकालकर लोगों को धोखा देता है, उसी से उसने ठगी का तरीका अपनाया। हालांकि आरोपी ने आवाज की जगह सोशल मीडिया पर लड़की की नकली पहचान बनाकर पीड़ित को ठगा।
पुलिस ने ऐसे पकड़ा आरोपी
लगातार पैसों की मांग और संदिग्ध व्यवहार से परेशान होकर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। अकलतरा पुलिस ने साइबर सेल की मदद से तकनीकी जांच कर आरोपी की लोकेशन और बैंक लेन-देन का पता लगाया। सबूत मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।


