कोरबा ; लेमरू थाना क्षेत्र के ग्राम देवपहरी में एक अजीबो-गरीब घटना में प्रेम की परीक्षा देने प्रेमी जहर पी गया। उसकी तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार देवपहरी में रहने वाले कृष्ण कुमार पंडो (20) का गांव के ही एक युवती से प्रेम-प्रसंग था। इसकी जानकारी परिजन को होने पर युवती के घरवाले कृष्ण कुमार को घर बुलाया।
उसे खाना खिलाने के साथ उसकी आवभगत भी की। इसके बाद परिजन ने पूछा कि वह उसकी बेटी से कितना प्यार करता है और उसके लिए क्या कर सकता है। इसके बाद उसके प्यार की परीक्षा लेने के मकसद से एक गिलास में जहर घोलकर रख दिया, जिसे युवक गटक गया। इससे युवती के परिजन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में उसे लेमरू के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया। बुधवार दोपहर इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।

