दर्री (कोरबा): धनराज डैम से दर्री तक के मार्ग पर फ्लाई ऐश परिवहन में लगे ट्रकों से आए दिन गौ माता की दुर्घटनाओं की घटनाएँ बढ़ती जा रही हैं। इन घटनाओं में घायल गौवंशों के उपचार एवं देखभाल की जिम्मेदारी प्राणरक्षक गजानन गौसेवा दल दर्री ने अपने कंधों पर उठा रखी है।
गौसेवा दल ने एनटीपीसी लिमिटेड, जमनीपाली के फ्लाई ऐश प्रबंधन आशीष वर्मा जी को पत्र लिखकर जनहित और पशु कल्याण को ध्यान में रखते हुए सहयोग प्रदान करने की मांग की है। दल ने बताया कि सड़क पर हो रही दुर्घटनाओं में घायल गौ माता के उपचार का पूरा कार्य दल के सदस्य स्वयंसेवकों द्वारा निःस्वार्थ भाव से किया जा रहा है।
दल के प्रमुख सदस्य — गोल्डी साहू, निशांत सिंह, रोहन मंडल, विष्णु चौहान, सोमेश सिंह और राहुल मरकाम — ने बताया कि यह संगठन किसी एनजीओ द्वारा संचालित नहीं है, बल्कि समाजसेवकों की व्यक्तिगत पहल पर चलाया जा रहा है। गौसेवा के साथ ही दल द्वारा स्ट्रीट डॉग की सेवा, स्नेक रेस्क्यू, ब्लड बैंक संचालन, वृद्ध सेवा तथा गरीब परिवारों के अंतिम संस्कार हेतु लकड़ी की व्यवस्था जैसी कई सेवाएँ भी निरंतर रूप से की जाती हैं।
दल ने एनटीपीसी प्रबंधन से आग्रह किया है कि जनहित के इस कार्य में सहयोग करते हुए घायल गौ माता के उपचार एवं देखभाल हेतु आवश्यक वित्तीय या सामग्री सहायता उपलब्ध कराई जाए। दल का कहना है कि संस्थान का यह कदम सामाजिक दायित्व के तहत एक सराहनीय उदाहरण साबित होगा


