सरस्वती मरकाम की रिपोर्ट पेंड्रा–गौरेला–मरवाही, 29 अगस्त। जिले के मरवाही थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करगी में उस वक्त हृदय विदारक हादसा हो गया जब खेत में करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से एक मासूम बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पचरा निवासी पूनम (उम्र 28 वर्ष) अपने मायके करगी आई हुई थी। यहां वह अपने बच्चों के साथ तीज का त्यौहार मनाने पहुंची थी। इसी दौरान बच्चे घर के पास स्थित खेत में खेल रहे थे। खेलते-खेलते अचानक 7 वर्षीय गीत सारथी (पिता – इटलेस सारथी) करंट प्रवाहित तार के संपर्क में आ गया।
करंट का झटका इतना तेज था कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं साथ खेल रहे अन्य तीन बच्चे बाल-बाल बच गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजन बदहवास हालत में बच्चे को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना मरवाही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस दर्दनाक हादसे से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव के लोग भी गहरे शोक में हैं।


