कोरबा
जिले में तय समर्थन मूल्य पर पंजीकृत किसानों से 15 नवंबर से धान खरीदी की जाएगी। विभागीय समन्वय से खरीदी केन्द्रों में अवैध धान खपाने से अधिकारी रोकेंगे। बिचौलियों पर निगरानी रखी जाएगी। इस संबंध में कलेक्टर अजीत वसंत ने मंगलवार को समीक्षा बैठक में राजस्व अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र किसानों को धान की बिक्री में किसी तरह की परेशानी ना हो, इसका ध्यान रखा जाए। कलेक्टर ने अविवादित नामांतरण, खाता विभाजन के प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने कहा है।
कलेक्टर वसंत ने तहसीलवार राजस्व प्रकरणों के निराकरण की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली। सभी तहसीलदारों को नक्शा बटांकन में तेजी लाने के निर्देश दिए। एसडीएम इसकी नियमित मॉनिटरिंग करेंगे। तहसीलों में लंबित 1 से 3 वर्ष, 3 से 5 वर्ष इससे अधिक समय से लंबित भू-अर्जन समेत अन्य राजस्व प्रकरणों के निराकरण में राजस्व अधिकारी विशेष रूचि लेकर निपटारा करेंगे। त्रुटि सुधार के आवेदनों का भी निराकरण करेंगे। वहीं तहसीलदार कोटवारी भूमि के खसरे में अहस्तांतरणीय दर्शाना सुनिश्चित करेंगे ताकि खरीदी-बिक्री पर रोक लगाई जा सके। कलेक्टर ने सभी ब्लॉक में मसाहती ग्राम के सर्वे व नक्शा प्रकाशन की वर्तमान स्थिति पर जानकारी ली। उन्होंने एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीयन के लिए बचे पात्र किसानों का पंजीयन जल्द पूरा करने कहा।

