बिलासपुर में शराब के केस में फंसाने की धमकी देकर आबकारी विभाग की टीम पर 20 हजार रुपए मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि टीम ने इस दौरान किराना दुकान के गल्ले से 15 हजार रुपए निकाल ली। फिर दुकानदार की 13 साल की बेटी को गाड़ी में भरकर ले गए। उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई फिर उसे सूनसान जंगल में छोड़ दिया। पीड़त परिवार ने इस मामले की शिकायत पुलिस से की है। घटना पचपेड़ी थाना क्षेत्र की है।
ग्राम भड़हा रेलहा निवासी पदुम बर्मन ने अपनी शिकायत में बताया कि वो खेती किसानी करता है। साथ ही घर का खर्च निकालने के लिए किराना दुकान चलाता है। उसने पुलिस को बताया कि 5 नवंबर को वह दुकान में बैठा था। तभी शाम करीब 5 बजे सफेद रंग की गाड़ी क्रमांक सीजी 08 UA 0828 में आबकारी विभाग की टीम पहुंची। जिसमें छह लोग सवार थे। इनमें एक वर्दीधारी महिला भी थी।
शराब के केस में फंसाने की धमकी देकर मांगे 20 हजार रुपए
दुकानदार पदुम बर्मन का आरोप है कि टीम जबरदस्ती उसके घर में घुस गई। जिसके बाद शराब बेचने का आरोप लगाकर उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। दुकानदार ने बताया कि वो शराब नहीं बेचता। चाहे तो उसके घर और दुकान की तलाशी ले ले। इस दौरान आबकारी विभाग की टीम ने उससे 20 हजार रुपए की मांग की। पैसे नहीं देने पर उसके खिलाफ आबकारी एक्ट का केस दर्ज करने की धमकी देने लगे।
गल्ले से निकाले 15 हजार रुपए
दुकानदार कहते रहा कि वह गरीब आदमी है और इतना पैसा कहां से लाएगा। आरोप है कि टीम के सदस्यों ने उसकी दुकान के गल्ले से 15 हजार रुपए निकाल लिए।


