विधायक मद से बेंदरकोना में सड़क निर्माण का हुआ भूमिपूजन, ग्रामीणों ने जताया आभार
कोरबा। कोरबा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बेंदरकोना में आज दो सीसी सड़कों के निर्माण कार्य का भूमि पूजन क्षेत्र के लोकप्रिय रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया के कर-कमलों से संपन्न हुआ। लंबे समय से लंबित ये दोनों सड़कें ग्रामीणों की प्रमुख आवश्यकता में शामिल थीं।
भूमि पूजन कार्यक्रम में क्षेत्र क्रमांक 21 के जनपद सदस्य किशन कोसले, ग्राम पंचायत के सरपंच जयवीर तंवर, पंच-सरपंचगण सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की पहल पर विधायक राठिया एवं ग्राम पंचायत का आभार जताते हुए कहा कि वर्षों से यह मांग अधूरी थी, अब सड़क बन जाने से आवागमन सुगम होगा और जनजीवन में सुधार आएगा।
निर्वाचन क्षेत्र विकास योजना अंतर्गत विधायक मद से स्वीकृत इन दोनों मार्गों में पहली सड़क मेन रोड से भोला के घर तक निर्मित होगी। वहीं दूसरी सड़क दलदली पारा में रामदास के घर से कृष्ण पटेल के घर तक बनाई जाएगी।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि सीसी रोड निर्माण से न सिर्फ यातायात सुचारू होगा, बल्कि बारिश के दिनों में होने वाली दिक्कतों से भी राहत मिलेगी। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने बताया कि विकास कार्यों को गति देने के लिए पंचायत और जनप्रतिनिधि संयुक्त रूप से लगातार प्रयासरत हैं। जितेंद्र दास कि रिपोर्ट


