कोरबा के इंदिरा नगर बस्ती में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब लोगों के घरों के बाहर लाल क्रॉस के निशान देखे गए। यह निशान रेलवे प्रबंधन द्वारा लगाए गए बताए जा रहे हैं।स्थानीय निवासियों के अनुसार, रेलवे प्रबंधन ने एक माह पहले लगभग 250 घरों को खाली करने का नोटिस जारी किया था। हालांकि, तब से रेलवे की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई थी। रविवार देर रात अचानक घरों पर क्रॉस के निशान लगाए गए और सोमवार सुबह यह जानकारी मिली कि मंगलवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
इससे आक्रोशित बस्तीवासी रेलवे एआरएम के कार्यालय पहुंचे, लेकिन वहां ताला लगा मिला। इसके बाद वे रेलवे आरपीएफ कार्यालय गए और अपनी बात रखी। अंततः, सभी ने स्टेशन परिसर पहुंचकर गेट के सामने प्रदर्शन शुरू कर दिया और संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की।
सूचना मिलने पर स्टेशन मास्टर मौके पर पहुंचे और उन्होंने बस्तीवासियों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, प्रदर्शनकारी बड़े अधिकारियों से बात करने की मांग पर अड़े रहे
बस्तीवासियों का कहना है कि रेलवे की अचानक कार्रवाई की बात से उनमें हड़कंप मच गया है। उन्हें न तो कोई वैकल्पिक जगह दी गई है और न ही किसी तरह का मुआवजा। ऐसे में कार्रवाई होने पर उनके सामने बेघर होने का संकट खड़ा हो जाएगा।
उनकी मुख्य मांग है कि रेलवे प्रबंधन पहले उन्हें रहने के लिए वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराए। इसके बाद ही वे अपने घर खाली करने को तैयार होंगे। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो वे घर खाली नहीं करेंगे।





















