बालोद, 24 दिसंबर 2025/कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार बालोद जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी योजना के अंतर्गत धान की अवैध खरीदी-बिक्री पर प्रभावी रोकथाम तथा धान खरीदी केंद्रों से समय पर धान का उठाव सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं। इसके तहत जिले भर में व्यापारियों के दुकानों, गोदामों एवं राईसमिलों की नियमित और सघन जाँच की जा रही है।
कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व, खाद्य, सहकारिता एवं कृषि उपज मंडी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए थोक एवं फुटकर व्यापारियों के साथ-साथ राईसमिलों में उपलब्ध धान एवं चावल के भंडारण की स्थिति का सत्यापन कर रहे हैं। इसी क्रम में आज गुरूर अनुविभाग अंतर्गत एसडीएम गुरूर श्री आर.के. सोनकर एवं तहसीलदार श्री हनुमंत श्याम द्वारा गुरूर विकासखंड के विभिन्न राईसमिलों का निरीक्षण कर भौतिक सत्यापन किया गया।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व गुरूर श्री आर.के. सोनकर ने बताया कि निरीक्षण के दौरान बिदामी फूड राईसमिल, पलारी में लगभग 20 हजार 950 कट्टा धान एवं 1740 क्विंटल चावल उपलब्ध पाया गया। राईसमिल संचालक द्वारा 04 लॉट चावल भारतीय खाद्य निगम को भेजे जाने की जानकारी दी गई, हालांकि वर्तमान में संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए गए। निरीक्षण के दौरान राईसमिल में उपलब्ध धान एवं चावल का भौतिक सत्यापन कर स्टॉक पंजी से मिलान किया गया, जिसमें उपलब्ध जानकारी सही पाई गई।

इसी तरह तहसीलदार गुरूर श्री हनुमंत श्याम द्वारा भगवती राईसमिल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान राईसमिल संचालक श्री बलराम अग्रवाल ने जानकारी दी कि शासकीय धान का मिलिंग कार्य पूर्ण किया जा चुका है। अधिकारियों द्वारा स्टॉक पंजी का मिलान कर शासकीय एवं निजी धान का भौतिक सत्यापन किया गया।
तहसीलदार श्री श्याम ने बताया कि ऑनलाइन मंडी पोर्टल की जाँच के दौरान यह जानकारी सामने आई कि राईसमिल संचालक द्वारा 3900.53 क्विंटल निजी धान नीलामी के माध्यम से खरीदा गया है। उक्त धान का भी मौके पर भौतिक सत्यापन किया गया। इसके साथ ही ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से राईसमिल में रखे गए शासकीय धान का मिलान भी किया गया।
जाँच के दौरान नायब तहसीलदार श्री रमेश मण्डावी एवं कृषि उपज मंडी के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले में धान की अवैध खरीदी-बिक्री पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जाँच की यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।





















