सक्ती जिले मे आगामी छेरछेरा पर्व को देखते हुए जिले में अवैध महुआ शराब के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देश एवं प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी सक्ती नितिन शुक्ला के मार्गदर्शन में दिनांक 02 जनवरी 2026 को आबकारी वृत्त सक्ती द्वारा नगर पालिका परिषद सक्ती के वार्ड क्रमांक 1 में बड़ी कार्रवाई की गई।
जानकारी के मुताबिक, सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि छेरछेरा पर्व के मद्देनजर वार्ड नंबर 1 में भारी मात्रा में महुआ लाहन छुपाकर रखा गया है, जिससे सैकड़ों लीटर महुआ शराब तैयार कर अवैध रूप से विक्रय किया जाना था। सूचना पर तत्काल टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
दबिश के दौरान खेतों के किनारे मेड़ों में छुपाकर रखे गए 15 प्लास्टिक डिब्बों (प्रत्येक 20 किलो) एवं 20 बोरियों (प्रत्येक 15 किलो) में रखा गया कुल 600 किलोग्राम महुआ लाहन मौके पर नष्ट किया गया। साथ ही 7 प्लास्टिक बोतलों में भरी कुल 14 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। आबकारी विभाग की इस समय पर की गई कार्रवाई से छेरछेरा पर्व से पहले ही अवैध शराब निर्माण की योजना विफल हो गई।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के विरुद्ध ऐसी कार्रवाइयां आगे भी लगातार जारी रहेंगी। इस पूरी कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक आबकारी गोपाल सिंह डनसेना एवं आबकारी स्टाफ बसंती चौधरी का योगदान सराहनीय रहा।


