कोरबा घर से सुबह काम करने के लिए पैदल पैथोलॉजी लैब जा रही एक युवती पर पंचवटी के आगे मंत्री व सांसद के सरकारी आवास के पास बाइक में पहुंचे बदमाशों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी भाग निकले।
घटना सीएसईबी चौक से पंप हाउस जाने वाले मार्ग पर शुक्रवार की सुबह हुई। जहां से पंप हाउस निवासी आशा खैरवार (26) पैदल चलते हुए काम करने के लिए निहारिका के पास स्थित पैथोलॉजी लैब जा रही थी। सुबह 10.30 बजे वह पंचवटी के आगे राजस्व मंत्री लखनलाल देवांगन और सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत के सरकारी निवास के पास पहुंची थी।
इस दौरान बगल में आकर एक बाइक रूकी, जिसमें दो युवक सवार थे। युवती ने ध्यान नहीं दिया और इस बीच बाइक में पीछे बैठे युवक ने उसके पीठ पर चाकू घोंप दिया। युवती बचाव के लिए चीखने-चिल्लाने लगी तो बाइक सवार बदमाश वहां से भाग गए। घटना के समय रास्ते में चहल-पहल कम थी। युवती ने किसी तरह अपने एक परिचित को फोन करके घटना की जानकारी दी और मदद के लिए बुलाया। परिचित के पहुंचने पर युवती को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार युवती को गंभीर चोट पहुंची है, उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना पर सीएसईबी चौकी पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। सीएसपी कोरबा प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है। घायल युवती पुलिस को बयान में चाकू से हमले की वजह नहीं बता सकी है और न ही हमलावरों की पहचान की है। आशंका जताई जा रही है कि रंजिश या प्रेम प्रसंग के कारण बदमाशों ने हमला किया होगा। पुलिस मामले में आरोपियों का सुराग जुटाने के लिए घटनास्थल वाले मार्ग पर लगे सीसी कैमरे खंगाल रही है।




