कोरबा
जिला कांग्रेस कमेटी शहर ने गुरुवार को शिक्षक दिवस पर कांग्रेस कार्यालय में पूर्व राष्ट्रपति सर्वपल्ली डॉ राधाकृष्णन का स्मरण किया। कांग्रेसियों ने उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
पूर्व महापौर राज किशोर प्रसाद ने अपने उद्बोधन में कहा कि डॉ राधाकृष्णन ने अकादमिक शिक्षा ग्रहण करने के साथ सामाजिक जीवन के कई वर्षों तक एक शिक्षक के तौर पर बिताए। उन्होंने असंख्य छात्रों को विद्यादान किया। इस दौरान आदर्श शिक्षक के रूप में उदाहरण प्रस्तुत किया। डॉ राधाकृष्णन ने राष्ट्रपति के पद पर कार्य करते हुए देश को बेहतर नेतृत्व प्रदान किया। पूर्व सभापति श्याम सुंदर सोनी ने कहा कि सर्वपल्ली के योगदान को सरकार ने पूरी तरह से गंभीरता से लेते हुए उनके जन्मदिन को शिक्षक दिवस में मानना स्वीकार किया। यह परंपरा अभी भारत वर्ष में जारी है।
जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष नत्थू लाल यादव ने कहा कि देश में शिक्षकों का दर्जा सबसे ऊंचा होता है। गुरु शिष्य की महान परंपरा का दर्शन कराने का माध्यम शिक्षक दिवस बना हुआ है। शिक्षक पहले भी छात्रों के लिए सम्मानित थे और उनके प्रति सभी लोगों के मन में यही भावना कायम है ।नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू ने कहा कि गुरुकुल की परंपरा आज भी स्कूलों में बनी हुई है।
व्यक्ति की सफलता के पीछे सबसे बड़ी भूमिका गुरुजनों की होती है।अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष नारायण कुर्रे नू भी अपने विचार रखे। इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष संतोष राठौर, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज, डॉ रामगोपाल यादव, मनक राम साहू, शशि अग्रवाल, सुनीता तिग्गा, संतोष यादव, रवि कुंटे, गणेश दास महंत, जवाहर निर्मलकर, अजीत बर्मन, अनिल सिंह, विक्रम दास, गोपाल यादव, सुशील नेताम ने भी उनके जीवनी पर प्रकाश डाला।



