कोरबा जिले में ढाई साल की बच्ची से 13 साल के लड़के ने रेप किया है। बच्ची की मां ने मकान मालिक के बेटे को रंगेहाथों पकड़ा है। बच्ची अकेली थी, तभी घर में घुसा था। आरोपी को मोबाइल चलाने की लत है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक पीड़ित परिवार आरोपी के घर में किराए से रह रहे थे। आरोपी को बच्ची के मां-बाप की ड्यूटी टाइमिंग की पूरी जानकारी थी, जिसका फायदा उठाकर अंजाम दिया। बवाल के बाद आरोपी के पिता ने पीड़ित परिवार को घर से निकाल दिया है।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, रोज की तरह बुधवार को भी बच्ची की मां और पिता ड्यूटी पर गए थे। इस दौरान बच्ची घर में अकेली थी। बच्ची की मां प्राइवेट अस्पताल में बिलिंग का काम करती है, जबकि पिता प्राइवेट कंपनी में कर्मचारी है।
इसी बीच बच्ची की मां लन्च करने के लिए घर आई। इस दौरान देखा कि घर का दरवाजा खुला है। अंदर गई तो मकान मालिक के बेटे को देखा। वह बच्ची से रेप कर रहा था। बच्ची की मां ने आरोपी को पकड़कर शोर मचाना शुरू किया। इससे मोहल्ले वालों की भीड़ जुट गई।
बच्ची की मां ने मोहल्ले के लोगों को और मकान मालिक को पूरी वारदात की सूचना दी। इसके बाद सिविल लाइन पुलिस को सूचना दी गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बच्ची को मेडिकल टेस्ट के लिए भेजा। साथ ही वारदात के बारे में पूछताछ की।
मकान मालिक का बेटा पहले भी कर चुका था घिनौनी हरकत
जांच में यह भी पता चला कि मकान मालिक का लड़का इससे पहले भी बच्ची से इसी तरह की हरकत कर चुका था। यह सुनकर मोहल्ले वाले हैरान रह गए। घटना के बाद मकान मालिक ने धमकी देकर पीड़ित परिवार को घर खाली करा लिया। परिवार अब अन्य जगह शरण लेने को मजबूर हैं।


