कोरबा जिले के वार्ड नंबर 01 राम सागर पारा में स्वच्छता और बुनियादी ढांचे की हालत अत्यंत खराब हो चुकी है। नालियां वर्षों से गंदगी से भरकर जाम पड़ी हैं, जिससे जलभराव व मच्छरजनित बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। वहीं, कई स्थानों पर नाली के ऊपर बनी सीसी रोड टूट-फूट कर बुरी तरह जर्जर स्थिति में आ चुकी है।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन की उदासीनता से तंग आकर अपनी जेब से खर्च करके नालियों की सफाई करवाई है। जनहित की अनदेखी पर लोगों में गहरा रोष है। एक स्थानीय निवासी ने बताया,
“सरकार और प्रशासन केवल कागजों में ही सफाई अभियान चलाते हैं, जबकि यहां की हालत भयावह है। अगर हमारा खुद का योगदान नहीं होता तो गंदगी में ही जीना पड़ता।”
प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारी मौन साधे हैं, जबकि नागरिक अपने स्वास्थ्य व सुरक्षा की चिंता में हैं। मोहल्ले की महिलाएं व बुजुर्ग विशेष रूप से पानी में जमे मच्छरों से उत्पन्न बीमारियों से डर रहे हैं।
स्थानीय समाजसेवी भी इस समस्या पर आवाज उठा रहे हैं और शासन प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है –
“यह समय प्रशासन की जवाबदेही साबित करने का है, न कि सिर्फ वादाखिलाफी करने का।”


