भैसमा बाजार चौक स्थित महामाया होटल में देर रात चोरों का धावा
कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भैसमा बाजार चौक स्थित महामाया होटल में देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। घटना लगभग रात 3:50 बजे की बताई जा रही है। चोर होटल में घुसकर नकदी एवं अन्य सामान पर हाथ साफ कर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह होटल संचालक के पहुंचने पर दुकान का सामान बिखरा हुआ मिला तथा चोरी की घटना का पता चला। बताया जा रहा है कि चोरों ने होटल के अंदर रखी नकदी एवं अन्य कीमती वस्तुओं को निशाना बनाया। घटना की जानकारी तत्काल स्थानीय लोगों एवं पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों एवं ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने तथा चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।



