जांजगीर-चांपा, अवैध शराब बिक्री के खिलाफ पुलिस अधीक्षक विजय पांडे का बड़ा एक्शन, सादे कपड़ों में ढाबों पर ग्राहक बनकर पहुंचे,,, जिले में अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक विजय पांडे ने ऐसा मास्टर स्ट्रोक खेला, जिसकी चर्चा पूरे जिले में हो रही है। इस बार एसपी विजय पांडे ने पुलिस की गाड़ी और वर्दी का सहारा नहीं लिया, बल्कि खुद सादे कपड़ों में ग्राहक बनकर ढाबों पर पहुंचे। ढाबा संचालकों को भनक तक नहीं लगी कि सामने बैठा ग्राहक जिले का पुलिस कप्तान है। फिर जैसे ही शराब और बीयर परोसी गई, मौके पर पुलिस की टीम पहुंच गई और शुरू हो गया बड़ा एक्शन।
हाईवे किनारे संचालित सम्राट ढाबा, चिंटू ढाबा, यादव ढाबा, रोडा ढाबा, सूरज ढाबा और हमसफर ढाबा में पुलिस अधीक्षक विजय पांडे ने खुद पहुंचकर हालात का जायजा लिया। ग्राहक बनकर उन्होंने शराब और बीयर की मांग की। ढाबा संचालकों ने जैसे ही शराब उपलब्ध कराई, पहले से अलर्ट पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर कार्रवाई शुरू कर दी।
चिंटू ढाबा में पुलिस को बड़ी मात्रा में बीयर मिली। करीब 15 से 20 बोतलें बरामद की गईं। कार्रवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक विजय पांडे ने ढाबा संचालक के सामने ही अवैध शराब को नष्ट करवाया और सख्त हिदायत दी कि दोबारा ऐसी गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
वहीं तिलाई स्थित एनएच-49 के यादव ढाबा में कार्रवाई के दौरान पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी। यहां से 100 से ज्यादा शराब और बीयर की बोतलें बरामद की गईं। हाईवे किनारे खुलेआम चल रहे इस अवैध कारोबार पर पुलिस ने कड़ा प्रहार करते हुए शराब को जब्त किया और वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की।
अकलतरा के एनएच-49 स्थित हमसफर ढाबा में भी पुलिस की दबिश से हड़कंप मच गया। यहां भी शराब और बीयर मिलने पर उसे मौके पर ही नष्ट किया गया। ढाबा संचालक को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा गया कि भविष्य में यदि इस तरह की शिकायत मिली तो सीधे कानूनी कार्रवाई होगी।
पुलिस अधीक्षक विजय पांडे का साफ संदेश है कि जांजगीर-चांपा जिले में अवैध शराब बेचने और पिलाने वालों के लिए अब कोई जगह नहीं है। चाहे कोई कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून तोड़ने वालों पर कार्रवाई तय है। पुलिस का यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
जिले के लोगों का कहना है कि लंबे समय बाद हाईवे किनारे चल रहे अवैध शराब कारोबार के खिलाफ इस तरह का जमीनी और प्रभावी एक्शन देखने को मिला है। लोगों का मानना है कि यदि ऐसी कार्रवाई लगातार होती रही तो न सिर्फ अवैध शराब बिक्री पर रोक लगेगी, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं और अपराधों में भी कमी आएगी।
फिलहाल, पुलिस अधीक्षक विजय पांडे के इस सीक्रेट मिशन ने यह साफ कर दिया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई हर हाल में होगी।
SN india news की खास रिपोर्ट
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.






