कोरबा करतला के अलग-अलग गांव से दो किशोरी लापता हो गई, जिनमें से एक बैंक व दूसरी मेडिकल जाने की बात कहकर घर से निकली थी। पुलिस उक्त दोनों मामले में अपहरण का केस दर्ज कर जांच कर रही है। करतला थाना अंतर्गत रामपुर गांव निवासी एक किसान की 17 वर्षीय पुत्री गुरुवार सुबह घर से बैंक जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन शाम तक वह नहीं लौटी।
परिजन ने उसकी पतासाजी की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिला। शुक्रवार को परिजन ने करतला थाना पहुंचकर बेटी के अपहरण की आशंका जाहिर की। इसी तरह क्षेत्र के बेहरचुआ चरखाडांड़ गांव के एक किसान की 15 वर्षीय पुत्री एक सप्ताह पहले सोमवार को घर से मेडिकल जाने निकली थी, जो लापता हो गई। नाते-रिश्तेदारों व परिचितों के यहां खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला तो शुक्रवार को परिजन ने करतला थाना पहुंचकर रिपोर्ट लिखाई। करतला थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार वर्मा के मुताबिक दोनों प्रकरण में मामला नाबालिग के लापता होने पर अपहरण का केस दर्ज कर गंभीरता के साथ पतासाजी की जा रही है।



