कोरबा/पाली:- जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से पहुँचे जनता की फरियाद को सीधे सुनने और समस्याओं/ शिकायतों का त्वरित एवं समय सीमा में निराकरण के लिए जिला प्रशासन में चल रहा जनदर्शन अभियान में ग्राम तिलैहा के ग्रामीणों का दर्द दो बार गूंजा, बावजूद इसके एक करोड़ से अधिक के राशि से निर्माण हो रहे सड़क, नाली एवं पुलिया के काम मे ठेकेदार की मनमानी हावी है और बरती जा रही अनियमिता को लेकर कोई कार्रवाई नही होने से ग्रामीणों में शासन- प्रशासन के प्रति भरोसा उठने लगा है।
जनपद पंचायत पाली के ग्राम पंचायत पोलमी में मुख्यमार्ग से तिलैहा बस्ती तक 1.50 किमी. सड़क के साथ नाली व पुलिया निर्माण कार्य के लिए एक करोड़ से अधिक की राशि स्वीकृत है। जिसमे निर्माण एजेंसी लोक निर्माण विभाग है। इस कार्य को लेकर ग्रामीणों का आरोप है कि लगभग 600 मीटर सी.सी. रोड का निर्माण कराया जा चुका है, लेकिन नाली निर्माण नही कराया गया। जो अति आवश्यक है, जबकि निर्मित सी.सी. रोड के किनारे पर्याप्त जगह है। वहीं शेष बचे लगभग 900 मीटर में डामरीकरण होना है, जिसमे नाली निर्माण का कार्य कराया जा रहा है, किंतु वर्तमान में कार्य बंद है और ठेकेदार द्वारा डामरीकरण के बजाय कांक्रीट रोड निर्माण के लिए मौके पर मटेरियल सामाग्री एकत्रीकरण कराया जा रहा है। ठेकेदार से पूछने पर कोई संतोषजनक जवाब नही दिया जाता और मनमानी, अनियमिता को अंजाम दिया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि 600 मीटर के निर्मित सी.सी. रोड की भी गुणवत्ता सही नही है और जगह- जगह से उखड़ने लगी है। वहीं संबंधित लोक निर्माण विभाग के अधिकारी- कर्मचारी मौके पर कार्य का निरीक्षण करने नही पहुँचे हैं। इससे ठेकेदार के हौसले बुलंद है और मनमानीपूर्वक गुणवत्ताहीन निर्माण को अंजाम दे रहा है, जो अधिकारी- ठेकेदार की मिलीभगत को परिलक्षित करता है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में दुपहिया के साथ ट्रैक्टर, पिकअप तथा अन्य भारी वाहनों का दबाव रहता है। फलस्वरूप आवागमन में समस्याओं का सामना करना पड़ता है। अधूरी नाली के कारण बारिश में पूरा गांव कीचड़ और जलभराव से घिर जाता है। इसकी शिकायत पूर्व में सुशासन तिहार के दौरान भी की गई थी, पर कोई सुनवाई नही हुई। ऐसे में जब पहली शिकायत में कोई कार्रवाई नही हुई तो ग्रामीणों ने 27 जुलाई 2026 को कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन लगाया, लेकिन यहां से भी निराशा हाथ लगी। तब दो माह बीत जाने के बाद दूसरी बार बीते 5 अक्टूबर को पुनः जनदर्शन में गुहार लगाई गई है। देखना है कि इस बार ग्रामीणों की फरियाद अमल में लाई जाती है अथवा पूर्व की भांति औपचारिक मात्र बनकर रह जाएगी। बहरहाल जनदर्शन में पहुँचे तिलैहा के ग्रामीण कमल किशोर, श्रवण कुमार, संतोष कुमार साहू, राधेश्याम राज, मंगल सिंह, रामप्रसाद यादव, प्रेमसिंह सहित अन्य ग्रामीणों की कलेक्टर से मांग है कि 600 मीटर निर्मित सी.सी. रोड की आवश्यक मरम्मत कराई जाए और इसके किनारे नाली निर्माण तथा शेष बचे 900 मीटर को गुणवत्तापरख डामरीकृत रोड बनाए जाने हेतु संबंधित विभाग और ठेकेदार को निर्देशित करें।


