SN इंडिया न्यूज | कोरबा
पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल में शामिल होकर शासकीय कार्यों से दूर रहना पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के पांच पटवारियों को भारी पड़ गया। प्रशासन ने पांचों पटवारियों की 39 दिनों की अनुपस्थिति को सेवा में व्यवधान घोषित करते हुए इस अवधि का वेतन रोकने का आदेश जारी किया है।
एसडीएम पोड़ी उपरोड़ा कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार कार्रवाई की जद में रामसिंह कंवर (हल्का नंबर 21 एवं 25), दीपक कुमार कुम्भरानी (हल्का नंबर 31 एवं 32), गणपत सिंह पैकरा (हल्का नंबर 11 एवं 16), सुखसागर दास महंत (हल्का नंबर 24) और विमल सिंह (हल्का नंबर 19) शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, सभी पटवारी 13 अक्टूबर से 20 नवंबर 2026 तक पटवारी संघ के आह्वान पर जारी हड़ताल में शामिल रहे। इस दौरान उनके अनुपस्थित रहने से डिजिटल क्रॉप सर्वे, गिरदावरी, धान खरीदी की तैयारियों, प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों के नुकसान का आकलन और लोक सेवा गारंटी सहित विभिन्न शासकीय कार्य प्रभावित होने का हवाला दिया गया है।
प्रशासन की ओर से 30 अक्टूबर को संबंधित पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर तत्काल काम पर लौटने के निर्देश भी दिए गए थे। बावजूद इसके ड्यूटी पर उपस्थिति नहीं होने के बाद तहसीलदार के प्रतिवेदन के आधार पर कार्रवाई की गई।
आदेश में 39 दिनों की अनुपस्थिति को ‘नो वर्क, नो पे’ के आधार पर सेवा में व्यवधान माना गया है। संबंधित अवधि का वेतन नहीं मिलेगा, साथ ही इस अवधि को वेतनवृद्धि, पेंशन और अन्य सेवा लाभों की गणना में भी शामिल नहीं किया जाएगा।
प्रशासन की इस कार्रवाई से हड़ताल पर गए पटवारियों में विभागीय कार्रवाई को लेकर चिंता बढ़ सकती है। वहीं, सरकारी कामकाज प्रभावित होने की स्थिति में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट संकेत दिया है कि शासकीय दायित्वों से लंबे समय तक अनुपस्थित रहने पर नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
SN इंडिया न्यूज | खबर जो रखे हर मुद्दे पर नजर


