SN इंडिया न्यूज
पेट काटकर जोड़ी गई गरीब परिवार के युवाओं की गाढ़ी कमाई पर शातिर ने डाला डाका, सरकारी नौकरी के सपने दिखाकर लूटे दो लाख, अब न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर पीड़ित भाई-बहन l
छत्तीसगढ़ / कोरबा
बेरोजगारी की मार झेल रहे गरीब परिवार के युवाओं को सरकारी नौकरी का सपना दिखाकर लूटने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नगर पालिक निगम कोरबा में संविदा नियुक्ति का झांसा देकर पुरानी बस्ती निवासी श्रीकांत राजपूत,पिता धर्मेंद्र सिंह राजपूत ने तीन पीड़ितों से 1,95,500 रुपये ऐंठ लिए। पीड़ितों का विश्वास जीतने के लिए शातिर आरोपी खुद को बिलासपुर हाईकोर्ट का वकील बताता था, हालांकि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि वह वास्तव में वकील है या नहीं।
अपराधी के बुलंद हौसलों का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसने पैसे हड़पने के बाद निगम आयुक्त आशुतोष पांडे के फर्जी हस्ताक्षर और नगर निगम की नकली सील लगाकर फर्जी नियुक्ति पत्र भी तैयार कर लिया। सूत्रों की मानें तो आरोपी इससे पहले भी कई युवाओं को इसी तरह लाखों रुपये का चूना लगा चुका है।
शिकायत के अनुसार पंप हाउस निवासी निर्मला विश्वकर्मा, रूमगड़ा निवासी करण और उनकी बहन से आरोपी ने फोन पे और नकद के जरिए किश्तों में लगभग दो लाख रुपये वसूल लिए। महीनों तक तारीख पर तारीख देने के बाद जब पीड़ितों ने दबाव बनाया तो आरोपी ने वीडियो कॉल पर नियुक्ति पत्र दिखाया। जांच करने पर पत्र में आयुक्त के फर्जी साइन और नकली सील का खुलासा हुआ।
आयुक्त की छवि खराब न हो इस डर से पीड़ित कुछ दिन सहमे रहे, लेकिन लगातार प्रताड़ना के बाद उन्होंने सीएसईबी पुलिस चौकी और एसपी कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। गरीब परिवार के इन युवाओं ने प्रशासन से इस शातिर ठग पर सख्त कार्रवाई और अपनी गाढ़ी कमाई वापस दिलाने की गुहार लगाई है।











