कटघोरा। कोरबा जिले के कटघोरा में उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब कोरबा से बिलासपुर जा रही एक यात्री बस के गियर बॉक्स में अचानक आग लग गई। बस के भीतर तेजी से धुआं फैलने लगा, जिससे यात्रियों में घबराहट पैदा हो गई। हालात को भांपते हुए चालक ने तत्काल सूझबूझ दिखाई और बस को सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद बस में सवार करीब 20 से 25 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, यादव बस कोरबा से बिलासपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान कटघोरा तहसील चौक के पास बस के गियर बॉक्स से धुआं उठने लगा और आग सुलगने लगी। अचानक बने इस हालात से यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि चालक की तत्परता के चलते किसी को चोट नहीं आई और सभी यात्रियों को समय रहते बस से बाहर निकाल लिया गया।
बताया जा रहा है कि गियर बॉक्स में लगी आग करीब 15 मिनट तक सुलगती रही। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने पानी डालकर आग पर काबू पाने में मदद की। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर एकत्रित हो गए। बाद में यात्रियों को दूसरी बस की व्यवस्था कर उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
बस में अचानक आग लगने से कुछ देर के लिए सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और जाम जैसी स्थिति बन गई। गनीमत रही कि घटना के दौरान कोई जनहानि नहीं हुई। चालक की सूझबूझ और समय पर उठाए गए कदमों से यात्रियों की जान पर आया खतरा टल गया।


