रायपुर। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष Dharamlal Kaushik से मोबाइल स्नैचिंग की घटना ने सोमवार सुबह राजधानी रायपुर में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी। मॉर्निंग वॉक पर निकले धरमलाल कौशिक का मोबाइल बाइक सवार युवक ने छीन लिया था, जिसके बाद दिनभर कानून व्यवस्था को लेकर सरकार और रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की आलोचना होती रही।
घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस की तेज कार्रवाई की चर्चा हो रही है।
सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की, वहीं कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि आम नागरिकों की शिकायतों में भी इसी तरह तेजी से कार्रवाई होनी चाहिए।
घटना के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था और मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि राजधानी में इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय हैं और पुलिस को नियमित गश्त बढ़ाने की जरूरत है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।






