कोरबा। पिकनिक मनाने के लिए जुटे लोगों के बीच जुए की महफिल सजने की सूचना पर उरगा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। मामला ग्राम पहाड़गांव का है, जहां पुलिस की दबिश के दौरान कथित तौर पर जुआ खेलते लोगों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों में नगर पालिका के एल्डरमैन और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े व्यक्ति का नाम सामने आने से मामला चर्चा में आ गया है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम पहाड़गांव में दोपहर करीब 2:20 बजे कार्रवाई की गई। मौके से नकदी, मोबाइल फोन और ताश के पत्ते जब्त किए गए। इस मामले में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध क्रमांक 641/2026 दर्ज किया गया है।
### छह लोगों पर कार्रवाई
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक उर्फ गज्जू ठाकुर (46), शशिकांत दुबे (56), ज्योतिष वैष्णव (51), रविंद्र खाण्डे (26), दीपक कुमार बंसल (26) और आशुतोष राय (33) के रूप में हुई है। सभी बाराद्वार क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
### एल्डरमैन और प्रिंसिपल का नाम आने से बढ़ी चर्चा
गिरफ्तार लोगों में रविंद्र खाण्डे के बाराद्वार नगर पालिका में एल्डरमैन और जिला युवा मोर्चा के पदाधिकारी होने की जानकारी सामने आई है। वहीं शशिकांत दुबे को शिक्षक एवं प्रिंसिपल बताया जा रहा है। सामाजिक और सार्वजनिक जिम्मेदारियों से जुड़े लोगों के नाम इस कार्रवाई में सामने आने के बाद इलाके में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
### जिले में पहले भी सामने आ चुके मामले
कोरबा जिले में इससे पहले पसान थाना क्षेत्र में भी जुआ मामले में सरपंच और शिक्षक की गिरफ्तारी की खबर सामने आई थी। लगातार ऐसे मामले सामने आने से सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल उरगा पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
SN इंडिया न्यूज | कोरबा


