कोरबा/पाली:- पुल निर्माण कार्य के लिए नगर के मुख्यमार्ग पर खोदे गए गड्ढे और निर्माण की अत्यंत धीमी रफ्तार के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। एनएच 130 से जोड़ने वाली बायपास मार्ग पर पत्ता गोदाम के पास बरसाती पानी निकासी हेतु पुल निर्माण के पूर्व गड्ढा खोदाई का काम 7 दिन में भी पूर्ण नही हो सका है। नौ दिन चले अढाई कोस की तर्ज पर हो रहे पुल निर्माण के कारण आवागमन में परेशानी के साथ स्थानीय व्यापारियों के कामकाज पर भी गहरा असर पड़ रहा है। नगर का मुख्यमार्ग बाधित होने से वाहनों को परिवर्तित मार्ग से लंबा फेरा लगाकर आना- जाना पड़ रहा है। पुल निर्माण के लिए बीते 14 मई को सड़क पर शुरू हुए खोदाई के काम और निर्माण का बीस फीसदी भी कार्य सम्पन्न नही हो सका है। नगरवासियों का कहना है कि जिस प्रकार के हालात आवागमन को लेकर बनी हुई है, उसे देखते हुए कार्य गति तेज होनी चाहिए, लेकिन निर्माण एजेंसी लोक निर्माण विभाग की अनदेखी और ठेकेदार के सुस्त कार्य रवैया लोगों के जी का जंजाल बन गया है। बता दें कि यह मार्ग पाली मुख्यालय तक पहुँच का प्रमुख संपर्क मार्ग भी है, जहां प्रतिदिन सैकड़ो छोटे- बड़े वाहन तथा आम नागरिकों का आवागमन होता है। हालांकि पुल निर्माण कार्य के चलते अस्थायी मार्ग परिवर्तित किया गया है, जो वन विभाग विश्राम गृह से होकर नेशनल हाइवे को जोड़ता है, लेकिन यदि वन परिक्षेत्र कार्यालय जाना हो अथवा इस विभाग के आसपास निवासियों का नगर के भीतर आना- जाना हो तब परेशानी बढ़ जाती है। जिला खनिज न्यास मद से स्वीकृत 1 करोड़ 5 लाख 32 हजार के पुल सहित नाली निर्माण कार्य का उद्देश्य बायपास मुख्यमार्ग किनारे स्थित घरों में गत बारिश हुए जलभराव के निकासी हेतु है। जिस निर्माण कार्य मे कछुआ चाल की गति को लेकर आसपास निवासियों का कथन है कि यदि निर्माण कार्य मे तेजी नही लाई गई तो बरसाती दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। निर्माण की सुस्त रफ्तार को लेकर स्थानीय नागरिकों, राहगीरों एवं व्यापारियों में नाराजगी व्याप्त है तथा उन्होंने कार्य मे तेजी लाने मांग लोक निर्माण विभाग व जिला प्रशासन से की है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.






