– छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक बुधवार को ललितपुर में सड़क हादसे का शिकार हो गए। एनएच-44 पर उनकी कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई, जिसमें किरण सिंह और उनका ड्राइवर घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक इलाज के बाद झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव बुधवार दोपहर ललितपुर में सड़क हादसे के शिकार हो गए। उनकी कार एनएच-44 पर तालबेहट के निकट महेंद्र सिंह महाविद्यालय के पास आगे चल रहे एक ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसे में किरण सिंह देव (64) और उनके चालक गौतम कुमार (30) घायल हो गए।
यह हादसा दोपहर करीब 3:30 बजे हुई। बताया गया कि किरण सिंह देव अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ मध्य प्रदेश के दतिया से छत्तीसगढ़ लौट रहे थे। कार में प्रदेश अध्यक्ष समेत कुल पांच लोग सवार थे।हादसे के बाद सभी घायलों को तत्काल तालबेहट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने किरण सिंह देव और ड्राइवर गौतम कुमार को बेहतर इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय भाजपा नेता अस्पताल पहुंच गए। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।कोतवाली तालबेहट में तैनात उप निरीक्षक सियाराम वर्मा ने बताया कि हादसे में घायल किरण सिंह देव और उनके ड्राइवर को प्राथमिक इलाज के बाद झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।





