जांजगीर-चांपा। पंतोरा चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक रमेश त्रिपाठी को पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामला एक विवादित भूमि पर कब्जा दिलाने के नाम पर पैसों की मांग से जुड़ा बताया जा रहा है। इस संबंध में सामने आए वीडियो और शिकायत के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।बताया जा रहा है कि वीडियो में आवेदक और प्रधान आरक्षक के बीच हुई बातचीत दिखाई दे रही है, जिसके आधार पर शिकायत पुलिस अधीक्षक तक पहुंची। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रधान आरक्षक को निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच SDOP अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी को सौंपी गई है।पुलिस अधीक्षक की त्वरित कार्रवाई को विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि वीडियो और आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी, लेकिन प्रथम दृष्टया मामले को गंभीर मानते हुए विभाग ने कार्रवाई कर दी है।इस घटनाक्रम ने एक बार फिर खाकी की जवाबदेही और पारदर्शिता को लेकर बहस छेड़ दी है। अब सभी की निगाहें जांच पर टिकी हैं कि आखिर आरोपों की सच्चाई क्या है और आगे किस प्रकार की कार्रवाई की जाती है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.




