धमतरी. अर्जुनी व मेचका पुलिस ने दो अलग-अलग जगहों पर छापेमार कार्रवाई कर नाबालिग समेत सात गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है. आरोपितों के पास से करीब 450 किलो गांजा, कार व पिकअप जब्त की गई है. गिरफ्तार आरोपितों में दो अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर है, जो गांजा को कार में भरकर ओड़िशा से गुजरात ले जा रहा था.
एएसपी शैलेन्द्र पांडेय से मिली जानकारी के अनुसार, सात जून को अर्जुनी पुलिस व श्यामतराई वनोपज जांच नाका के पास तैनात पुलिस ने एक कार व पिकअप को संदिग्ध पाया. जब दोनों वाहनों की पुलिस ने तलाशी ली, तो बड़ी मात्रा में गांजा मिला। पुलिस ने तत्काल दोनों वाहनों में सवार एक नाबालिग समेत पांच गांजा तस्करों को पकड़ा. साथ ही, वाहनों में रखे गांजा को जब्त किया. जब्त गांजा अनुमानित 400 किलो से अधिक है. तस्कर वाहनों में सवार होकर जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रहे थे. पुलिस ने बताया कि गांजा तस्कर काफी शातिर थे. गांजा को फोम के बीच पैकेट में छिपाकर रखे हुए थे, ताकि जांच में पुलिस से बच सके, लेकिन पुलिस के सामने गांजा तस्करों की नहीं चली और अंतत: पुलिस ने गांजा को जब्त कर सभी आरोपितों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर आगे की जांच में जुटी हुई है। पुलिस ने बताया कि 96 पैकेट में गांजा भरा हुआ था.

मेचका पुलिस ने 44 किलो गांजा पकड़ा
गांजा तस्करी के एक अन्य मामला में मेचका पुलिस को सात जून को मुखबिर से सूचना मिली कि एक लाल रंग की हुंडई कार में अवैध गांजा भरकर भवानीपटनम-ओडिशा से धमतरी मार्ग की ओर लाया जा रहा है। खबर पर मेचका पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की. वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों से पूछताछ एवं विधिवत तलाशी दिया, तो उसके कब्जे से 44 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया. आरोपितों द्वारा गांजा परिवहन अथवा विक्रय संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका. पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे गांजा को ओडिशा से गुजरात ले जाकर बिक्री करने वाला था. गिरफ्तार आरोपितों में समीर खमीसा सिंधी उम्र 32 वर्ष निवासी पुराना बस स्टैंड ,बावडी रोड,रवि पार्क मोरवी, थाना ए डीवीजन (मोरवी) जिला मोरबी, गुजरात और मोहम्मद रफीक 25 वर्ष निवासी कालावाड,वोरावार, थाना कालावाड,जिला जामनगर (गुजरात) शामिल है. गांजा तस्करी में संलिप्त आरोपितों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया है.






