कोरबा, 12 सितंबर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। हसदेव नदी के सीतामढ़ी क्षेत्र में सुबह-सुबह हुई दबिश से अवैध रेत कारोबारियों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान विभागीय उड़नदस्ता दल ने रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में लगे 9 वाहनों को जब्त किया है।
बताया गया कि सीतामढ़ी क्षेत्र में हसदेव नदी से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए खनिज विभाग के उड़नदस्ता दल ने शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे अचानक मौके पर दबिश दी। विभागीय टीम को देखते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार्रवाई के दौरान कुछ वाहन नदी के भीतर फंसे मिले, जबकि कुछ वाहनों को मौके पर ही छोड़कर संबंधित लोग फरार हो गए।
नदी में फंसे वाहनों को बाहर निकालने के लिए नगर पालिक निगम कोरबा की मदद ली गई। काफी मशक्कत के बाद वाहनों को नदी से बाहर निकालकर जब्त किया गया। जब्त वाहनों को आगे की कार्रवाई के लिए कोतवाली थाना कोरबा एवं खनिज जांच चौकी उरगा की अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग द्वारा जब्त वाहनों के संबंध में प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। विभाग का कहना है कि जिले में प्राकृतिक खनिज संसाधनों की सुरक्षा, अवैध उत्खनन पर रोक और शासन को होने वाली राजस्व हानि को रोकने के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
खनिज अधिकारी के मुताबिक नियमों का उल्लंघन कर अवैध उत्खनन, परिवहन या भंडारण करते पाए जाने वाले व्यक्तियों एवं वाहनों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम तथा अन्य प्रचलित कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है।
सीतामढ़ी के बाद अब किन नए ठिकानों पर होगी कार्रवाई? खनिज विभाग की इस कार्रवाई ने अवैध रेत कारोबार से जुड़े लोगों में खलबली मचा दी है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में विभाग नदी घाटों, रेत भंडारण स्थलों और परिवहन मार्गों के नए स्थानों पर भी अचानक दबिश देकर कार्रवाई कर सकता है। अब देखना होगा कि सीतामढ़ी के बाद जिले के किन-किन इलाकों में अवैध रेत के खिलाफ विभाग का अगला शिकंजा कसता है।
SN इंडिया न्यूज



