कोरबा, 12 सितंबर। शहर के बुधवारी बाजार स्थित खुशबू इलेक्ट्रॉनिक शॉप में उस समय हड़कंप मच गया, जब स्टोर रूम में सामान हटाने के दौरान अचानक सांप की केचुली दिखाई दी। केचुली मिलने के बाद स्टोर रूम के अंदर किसी बड़े और खतरनाक सांप के छिपे होने की आशंका जताई गई। इसके बाद दुकान में काम रोक दिया गया और आसपास मौजूद लोगों में भी दहशत का माहौल बन गया।
केचुली देखकर बुलाई गई रेस्क्यू टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम नोवा नेचर के प्रमुख एवं वन विभाग के सदस्य जितेंद्र सारथी को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मौजूदगी में टीम ने बेहद सावधानी के साथ स्टोर रूम का सामान हटाना शुरू किया।
सामान हटाते ही सामने आया विशालकाय कोबरा
रेस्क्यू टीम जैसे-जैसे सामान हटाती गई, वैसे-वैसे स्टोर रूम में छिपे सांप की मौजूदगी की आशंका बढ़ती गई। आखिरकार सामान के बीच से करीब 6 फीट लंबा विशालकाय कोबरा नजर आया। कोबरा को देखते ही मौके पर मौजूद लोगों में खलबली मच गई।
रेस्क्यू के दौरान कोबरा तेजी से एक पाइप के अंदर जा घुसा, जिसके बाद उसे सुरक्षित बाहर निकालना टीम के लिए चुनौतीपूर्ण हो गया। टीम ने काफी सावधानी और सूझबूझ के साथ रेस्क्यू अभियान जारी रखा, ताकि सांप को भी किसी तरह का नुकसान न पहुंचे और आसपास मौजूद लोगों की सुरक्षा भी बनी रहे।
स्टोर रूम जैसे बंद स्थान में इतने बड़े कोबरा के मिलने से दुकान संचालक और कर्मचारियों में भी चिंता का माहौल रहा। घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा किया है कि लंबे समय से बंद या सामान से भरे स्टोर रूम की समय-समय पर जांच और सफाई कितनी जरूरी है।



