कोरबा में विजयदशमी से पहले रावण दहन की तैयारियों पर मौसम का असर दिख रहा है। मंगलवार (30 सितंबर) दोपहर हुई तेज बारिश के कारण रावण के पुतले भीग गए, जिससे उन्हें बनाने वाले कलाकारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।लगातार बारिश से पुतले पूरी तरह भीग गए हैं, जिससे उन्हें फिर से सुखाने और ठीक करने में काफी मशक्कत करनी पड़ेगी। सूखने में परेशानी के कारण दहन में भी दिक्कत आ सकती है।
22 सितंबर से शारदीय नवरात्रि धूमधाम से मनाई जा रही है। 2 अक्टूबर को विजयदशमी के अवसर पर शहर की कई दुर्गा उत्सव समितियां रावण दहन की भव्य तैयारी में जुटी हैं। मुड़ापार दुर्गा उत्सव समिति ने नौ दिनों तक डांडिया का आयोजन किया, जिसके बाद विजयदशमी मनाई जाएगी।
समिति के सदस्यों के अनुसार, इस बार नवरात्रि में मौसम का मिजाज बदला हुआ था। हल्की बूंदाबांदी के बावजूद डांडिया प्रेमियों ने उत्साह दिखाया। हालांकि, विजयदशमी से पहले मंगलवार दोपहर हुई झमाझम बारिश ने रावण बनाने वाले कलाकारों की मुश्किलें बढ़ा दीं।




