महाराष्ट्र के वाशिम में 15 साल पुराने पुलिस हिरासत मौत मामले में जिला एवं सत्र न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाया है। रिसोड पुलिस स्टेशन में संदिग्ध बेग्या पवार की मौत के मामले में कोर्ट ने तत्कालीन थाना प्रभारी सहित 9 पुलिसकर्मियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है।
यह मामला साल 2011 का है, जब चोरी के शक में पूछताछ के लिए लाए गए बेग्या पवार की हिरासत में मौत हो गई थी। आरोप था कि पुलिस पिटाई के कारण उसकी जान गई। लंबी सुनवाई के बाद जिला जज जयसिंग झपाटे ने सभी आरोपियों को दोषी ठहराते हुए सख्त सजा दी।
सजा पाने वालों में तत्कालीन थाना प्रभारी महादेव माणिक धांडे समेत कुल 9 पुलिसकर्मी शामिल हैं, जिनमें से दो अब रिटायर भी हो चुके हैं। फैसले के बाद सभी दोषियों को जेल भेज दिया गया है और आगे उन्हें अमरावती सेंट्रल जेल शिफ्ट किया जाएगा।



