**स्टॉक के आंकड़ों और दस्तावेजों में मिला अंतर, राजस्व एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई; धान खरीदी के बीच अवैध भंडारण करने वालों पर प्रशासन की नजर।**
**सरिया।** समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही अवैध धान के भंडारण और कारोबार को लेकर प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में बरमकेला विकासखंड के सरिया स्थित चंदन ट्रेडर्स में राजस्व एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमार कार्रवाई करते हुए 153 बोरी अतिरिक्त धान जब्त किया है। दस्तावेजों और मौके पर मौजूद स्टॉक के मिलान में अंतर सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन और एसडीएम डी.एस. राजपूत के निर्देश पर संयुक्त टीम ने चंदन ट्रेडर्स का निरीक्षण किया। जांच के दौरान प्रतिष्ठान में उपलब्ध धान के स्टॉक का दस्तावेजों एवं अभिलेखों से मिलान किया गया। इस दौरान रिकॉर्ड में दर्ज मात्रा से करीब 153 बोरी धान अधिक पाया गया। इसके बाद टीम ने मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत धान जब्ती की कार्रवाई की।
**धान के अवैध कारोबार पर SN इंडिया न्यूज की भी पैनी नजर**
धान खरीदी का सीजन शुरू होते ही अवैध भंडारण, संदिग्ध परिवहन और स्टॉक में गड़बड़ी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। शासन की धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना बेहद जरूरी है, ताकि किसानों के हक पर कोई सेंधमारी न हो सके।
इसी मुद्दे को लेकर **SN इंडिया न्यूज की टीम भी अवैध धान के भंडारण और परिवहन पर अपनी पैनी नजर बनाए हुए है।** जिले में जहां भी धान के कारोबार में अनियमितता या नियमों की अनदेखी की शिकायत सामने आएगी, उसे प्रमुखता से उठाया जाएगा।
**अब प्रशासन की अगली कार्रवाई पर निगाहें!**
चंदन ट्रेडर्स में 153 बोरी धान की जब्ती के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिले में अन्य धान कारोबारियों के स्टॉक और दस्तावेजों की जांच कितनी सख्ती से की जाएगी? क्या प्रशासन का यह अभियान केवल कुछ प्रतिष्ठानों तक सीमित रहेगा या अवैध भंडारण और परिवहन करने वालों पर लगातार शिकंजा कसेगा?
फिलहाल प्रशासन ने जांच और निगरानी तेज कर दी है। आने वाले दिनों में ऐसी और कार्रवाइयां देखने को मिल सकती हैं।
**SN इंडिया न्यूज — सच के साथ, जनहित की आवाज।**


