मंगलवार को आबकारी विभाग की टीम ने दी गांव में दबिश, लेकिन हाथ नहीं लगा कुछ भी; क्या कार्रवाई से पहले ही कारोबारियों तक पहुंच जाती है टीम की खबर? पुलिस और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल
जांजगीर-चांपा SN इंडिया News। पामगढ़ थाना क्षेत्र का ग्राम कुटरा एक बार फिर अवैध शराब कारोबार को लेकर सुर्खियों में है। गांव में देशी, विदेशी और महुआ शराब की अवैध बिक्री को लेकर ग्रामीण लंबे समय से शिकायतें कर रहे हैं। लेकिन अब इस पूरे मामले में एक नया सवाल खड़ा हो गया है। आखिर आबकारी विभाग की टीम जब कार्रवाई के लिए गांव पहुंचती है तो उसके हाथ कुछ क्यों नहीं लगता? क्या विभाग की दबिश की सूचना पहले ही अवैध शराब कारोबारियों तक पहुंच जाती है? यदि ऐसा है तो आखिर विभाग के भीतर कौन है, जो कार्रवाई से पहले ही कारोबारियों को सतर्क कर देता है?
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को आबकारी विभाग की टीम ग्राम कुटरा में अवैध शराब बिक्री की शिकायत पर दबिश देने पहुंची थी। लेकिन बताया जा रहा है कि टीम को मौके पर कोई अवैध शराब नहीं मिली। टीम के खाली हाथ लौटने के बाद ग्रामीणों के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या विभाग की कार्रवाई की जानकारी पहले ही संबंधित लोगों तक पहुंच गई थी? हालांकि, सूचना लीक होने की बात की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन बार-बार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई में सफलता नहीं मिलने से संदेह और सवाल जरूर उठ रहे हैं।
आबकारी विभाग में कौन है ‘विभीषण’, कार्रवाई से पहले कैसे पहुंच जाती है खबर?
ग्राम कुटरा में अवैध शराब कारोबार को लेकर उठ रहे सवालों के बीच अब सबसे बड़ा सवाल आबकारी विभाग की गोपनीयता और आंतरिक व्यवस्था को लेकर है। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि जब भी विभाग की टीम कार्रवाई के लिए पहुंचने वाली होती है, उससे पहले ही कथित शराब कारोबारियों को इसकी भनक लग जाती है। यदि इन चर्चाओं में सच्चाई है तो यह बेहद गंभीर मामला है। क्योंकि किसी भी विभागीय कार्रवाई की सूचना पहले से लीक होना न केवल कार्रवाई को प्रभावित करता है, बल्कि अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की पूरी व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है।
अब सवाल यह है कि क्या आबकारी विभाग अपने ही विभाग के भीतर सूचना लीक होने की आशंका की जांच करेगा? क्या मंगलवार की दबिश के दौरान टीम के रवाना होने से लेकर गांव पहुंचने तक की पूरी प्रक्रिया की समीक्षा होगी? आखिर बार-बार शिकायत मिलने के बाद भी कथित ठिकानों पर कार्रवाई सफल क्यों नहीं हो पा रही है?
शिकायतों का अंबार, फिर भी अवैध शराब बिक्री पर अंकुश नहीं!
ग्रामीणों की शिकायतों के अनुसार, गांव के कुछ चिन्हित घरों से देशी, विदेशी और महुआ शराब की बिक्री किए जाने का आरोप है। इस संबंध में जितेन्द्र, शैलेन्द्र, विजय और नरेश सहित कुछ अन्य लोगों के नाम शिकायतों में सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि, इन व्यक्तियों के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।
ग्रामीणों का दावा है कि जिला प्रशासन, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और आबकारी विभाग को कई बार शिकायतें दी जा चुकी हैं। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में भी शिकायत किए जाने की बात सामने आई है। इसके बावजूद गांव में अवैध शराब बिक्री पर प्रभावी रोक नहीं लग पाई है। ऐसे में ग्रामीणों का सवाल है कि आखिर शिकायतों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई और कार्रवाई के बाद भी यह गतिविधि क्यों जारी होने की बात सामने आ रही है?
पहले भी पकड़ी जा चुकी है महुआ शराब
गौरतलब है कि ग्राम कुटरा में अवैध महुआ शराब का मामला पहले भी पुलिस कार्रवाई के दौरान सामने आ चुका है। जून 2025 में कुटरा निवासी विजय कुमार कश्यप के कब्जे से 9 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद होने की खबर प्रकाशित हुई थी। उस दौरान पामगढ़ पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया था। ऐसे में गांव में दोबारा अवैध शराब कारोबार की शिकायतें सामने आना प्रशासनिक निगरानी पर सवाल खड़े करता है।
कलेक्टर और एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग
अब इस पूरे मामले में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से हस्तक्षेप की अपेक्षा की जा रही है। आबकारी विभाग को केवल औपचारिक दबिश तक सीमित रहने के बजाय शिकायतों में बताए गए स्थानों की निष्पक्ष जांच करनी चाहिए। साथ ही मंगलवार को हुई कार्रवाई के दौरान सूचना लीक होने की आशंका को भी गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
यदि विभागीय स्तर पर किसी कर्मचारी द्वारा कार्रवाई की गोपनीय जानकारी संबंधित लोगों तक पहुंचाने की पुष्टि होती है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम बनाकर गांव में निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब गांव में अवैध शराब बिक्री की शिकायतें लगातार मिल रही हैं, कार्रवाई के लिए टीमें भी पहुंच रही हैं, फिर भी नतीजा सिफर क्यों है? क्या कार्रवाई की भनक पहले ही कारोबारियों को लग जाती है या विभाग की निगरानी व्यवस्था में कोई बड़ी खामी है? अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इन सवालों का जवाब तलाशता है या कुटरा में अवैध शराब कारोबार की शिकायतें यूं ही जारी रहती हैं।
आबकारी उप निरीक्षक बोले—टीम गई थी, लेकिन मौके पर कुछ नहीं मिला
इस पूरे मामले में आबकारी उप निरीक्षक देवेंद्र तांडे का कहना है कि मंगलवार को वे अपनी टीम के साथ ग्राम कुटरा में कार्रवाई करने पहुंचे थे, लेकिन मौके पर उन्हें कुछ भी नहीं मिला। इसी वजह से टीम को वापस लौटना पड़ा। हालांकि, टीम को मौके पर कुछ नहीं मिलने के बाद अब ग्रामीणों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि क्या कार्रवाई से पहले ही इसकी सूचना संबंधित लोगों तक पहुंच गई थी? क्या विभागीय कार्रवाई की गोपनीय जानकारी लीक हो रही है? इन सवालों पर विभाग की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


