**धमतरी।** छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का सीजन शुरू होते ही धान के अवैध भंडारण और अनियमितताओं को लेकर प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और मिलरों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के उद्देश्य से धमतरी जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने भोयना स्थित ए.के. राइस इंडस्ट्रीज की दोनों इकाइयों में अचानक दबिश दी।
औचक निरीक्षण के दौरान मिल परिसर में रखे धान और चावल के स्टॉक की जांच की गई। इस दौरान मिल प्रबंधन द्वारा अधिकारियों के समक्ष स्टॉक रजिस्टर प्रस्तुत नहीं किया जा सका। दस्तावेजों के अभाव में प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जब्ती की कार्रवाई शुरू कर दी। जांच के दौरान मिल संचालक भी मौके पर मौजूद नहीं मिले, जिससे अधिकारियों ने उपलब्ध भंडार और रिकॉर्ड के आधार पर आगे की जांच की प्रक्रिया शुरू की।
**दोनों इकाइयों से भारी मात्रा में धान और चावल जब्त**
कस्टम मिलिंग आदेश 2016 के तहत की गई इस कार्रवाई में ए.के. राइस इंडस्ट्रीज की दोनों इकाइयों से कुल 32,878 क्विंटल धान, यानी लगभग 80 हजार कट्टा धान और 1,425 क्विंटल चावल जब्त किया गया है। इतनी बड़ी मात्रा में धान और चावल की जब्ती के बाद जिले के राइस मिलिंग कारोबार में हलचल तेज हो गई है।
प्रशासन की इस कार्रवाई को धान खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी और अनियमितताओं पर लगाम लगाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। अब जांच का विषय यह भी है कि मिल में उपलब्ध स्टॉक का पूरा हिसाब-किताब क्या है और संबंधित दस्तावेजों में दर्ज मात्रा तथा मौके पर मिले भंडार का मिलान किस प्रकार होता है।
**अवैध धान के कारोबार पर SN इंडिया न्यूज की पैनी नजर**
धान खरीदी का सीजन शुरू होते ही प्रदेश के अलग-अलग जिलों में धान के भंडारण, परिवहन और मिलिंग से जुड़ी गतिविधियां चर्चा में हैं। ऐसे में अवैध धान के भंडारण और खपाने की कोशिशों पर प्रशासन की निगरानी बेहद जरूरी है। SN इंडिया न्यूज की टीम भी अवैध धान के कारोबार पर लगातार पैनी नजर बनाए हुए है। किसानों के हक और सरकारी धान खरीदी व्यवस्था की पारदर्शिता से जुड़े हर महत्वपूर्ण मामले को प्रमुखता से सामने लाने का प्रयास जारी रहेगा।
अब देखना होगा कि धमतरी प्रशासन की इस बड़ी कार्रवाई के बाद जांच में और क्या तथ्य सामने आते हैं तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित मिल प्रबंधन के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई की जाती है।


