*कोरबा।* जिले में पटवारियों की लंबित मांगों को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन आंदोलन अब व्यापक रूप लेता जा रहा है। लगातार 36 दिनों से जारी हड़ताल के बीच विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने भी पटवारी संघ के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद करनी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में 18 नवंबर को कोरबा में कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के नेतृत्व में विशाल आक्रोश रैली निकाली जाएगी।

घंटाघर चौक स्थित धरना स्थल पर जारी आंदोलन में पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष मिथलेश सहित बड़ी संख्या में पटवारी अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं। आंदोलन को समर्थन देते हुए छत्तीसगढ़ राजस्व निरीक्षक (आरआई) संघ ने भी एकजुटता दिखाई है। संघ के जिलाध्यक्ष बेदराम कौशिक सहित जिले के राजस्व निरीक्षकों ने एक दिवसीय आकस्मिक अवकाश लेकर धरना स्थल पहुंचकर पटवारियों के आंदोलन का समर्थन किया।
वहीं, पटवारियों के आंदोलन के दौरान की जा रही कथित दमनात्मक कार्रवाइयों को लेकर कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने भी नाराजगी जाहिर की है। फेडरेशन ने प्रदेश स्तर पर विरोध दर्ज कराने का निर्णय लेते हुए कोरबा में रैली निकालने की तैयारी की है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 18 नवंबर को दोपहर 1 बजे घंटाघर चौक स्थित धरना स्थल से रैली शुरू होगी, जो कलेक्ट्रेट पहुंचकर समाप्त होगी। यहां मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। रैली के माध्यम से पटवारियों की मांगों का निराकरण करने और कर्मचारियों के विरुद्ध की जा रही दमनात्मक कार्रवाइयों को वापस लेने की मांग उठाई जाएगी।
*अब आंदोलन को मिल रहा संगठनों का साथ*
लगातार 36 दिनों से चल रहे पटवारियों के आंदोलन में आरआई संघ और कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के शामिल होने से आंदोलन को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है। पटवारी संघ ने जिले के सभी कर्मचारी-अधिकारियों, सामाजिक रूप से जागरूक नागरिकों और मीडिया प्रतिनिधियों से आक्रोश रैली में शामिल होकर समर्थन देने की अपील की है।

