कोरबा जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 वाहनों को जब्त किया है। खनिज उड़नदस्ता दल ने अवैध रूप से रेत, लाल ईंट और चूना पत्थर ढो रहे 4 ट्रैक्टर, 3 टीपर, 1 जेसीबी और 1 हाईवा को अलग-अलग जगहों से पकड़ा है।
खनिज अधिकारी के निर्देश पर गठित उड़नदस्ता दल ने जिले के भैसामुड़ा, कटबिटला, कुदमुरमाल, सोनपुरी, सीतामढ़ी, बरमपुर, राताखार, पाली, ढुकुपथरा, बाल्को, कसनिया, कटघोरा, उरगा और पताढ़ी समेत कई संदिग्ध क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया।

रेत, ईंट और चूना पत्थर का अवैध परिवहन पकड़ा
जांच के दौरान रेत का अवैध परिवहन करते हुए 4 ट्रैक्टर, 2 टीपर और 1 जेसीबी को जब्त किया गया। वहीं, लाल ईंट लेकर जा रहे 1 टीपर और निम्न श्रेणी का चूना पत्थर ढो रहे 1 हाईवा को भी पकड़ा गया।
थानों और जांच नाकों में रखे गए वाहन
जब्त किए गए सभी वाहन राताखार, पाली, पताढ़ी, हरदीबाजार और जेंजरा क्षेत्र से पकड़े गए। कार्रवाई के बाद इन्हें थाना पाली, थाना सिविल लाइन रामपुर, थाना हरदीबाजार, खनिज जांच नाका उरगा और खनिज जांच नाका कटघोरा में सुरक्षित रखा गया है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध खनन करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा करना और शासन को होने वाले राजस्व नुकसान को रोकना है।
नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
विभाग ने चेतावनी दी है कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण में शामिल लोगों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम-1957, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम-2015 और अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


